info@bssawadhprant.org

भारतीय शिक्षा समिति , उत्तर प्रदेश

सरस्वती कुञ्ज , निरालानगर, लखनऊ

लखीमपुर : वार्षिक परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न

लखीमपुर । पं० दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज (यू0पी0 बोर्ड) में वार्षिक परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक श्री विनोद कुमार मिश्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा अतिथियों का परिचय कराया गया। विद्यालय के परीक्षा प्रमुख श्री प्रमोद कुमार मिश्र ने वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि श्री विनोद कुमार मिश्र ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री के० आर०  कनौजिया (प्रान्तीय कोषाध्यक्ष, भारतीय शिक्षा समिति उ०प्र०) ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण एवं उसे प्राप्त करने हेतु सतत प्रयासरत रहने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित श्री आर्य देश दीपक (विभागाध्यक्ष, राजश्री मेडिकल कॉलेज, बरेली) ने विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने हेतु निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। वहीं श्री सुरेश कुमार सिंह (सम्भाग निरीक्षक, सीतापुर सम्भाग) ने समय के सदुपयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष श्री अजय भल्ला जी, उपाध्यक्ष श्री रवि भूषण साहनी जी, कोषाध्यक्ष श्री अभिजात मिश्र जी, सह-प्रबन्धक श्री अनुराग अग्रवाल जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि, अभिभावक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रबन्धक डॉ० जय राम जी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.