info@bssawadhprant.org

भारतीय शिक्षा समिति , उत्तर प्रदेश

सरस्वती कुञ्ज , निरालानगर, लखनऊ

लखनऊ: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, निरालानगर में धूमधाम से मनाया गया हिंदी दिवस

लखनऊ। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, निरालानगर में 14 सितंबर 2026 को वंदना सभा के दौरान अमृत विशालकक्ष में हिंदी दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के अनेक भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। 

हिंदी दिवस के अवसर पर निबंध लेखन, भाषण, कविता एवं काव्य पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कक्षा सप्तम ‘ब’ की बहन काव्या वर्मा, द्वितीय स्थान कक्षा दशम के भैया प्रियांशु यादव तथा तृतीय स्थान कक्षा षष्ठ ‘अ’ की बहन अदिति जायसवाल ने प्राप्त किया। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहित करते हुए सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। 

इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य दिनेश जी ने हिंदी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के प्रति सम्मान एवं गौरव का भाव रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के यशस्वी प्रधानाचार्य दुर्गेश चंद्र पांडेय जी ने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा की महत्ता एवं उसके व्यापक स्वरूप पर अपने विचार व्यक्त किए।

हिंदी के आचार्य आशीष जी ने भावपूर्ण कविता पाठ प्रस्तुत कर कार्यक्रम को रोचक एवं प्रभावी बनाया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक रामतीर्थ वर्मा जी ने भैया-बहनों को अपना आशीर्वचन प्रदान करते हुए हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और उसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में भैया-बहनों एवं आचार्य परिवार की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। हिंदी दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति गौरव एवं अनुराग की भावना जागृत करने वाला रहा।

© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.