लखीमपुरI सनातन धर्म सरस्वती शिशु मंदिर, मिश्राना में दिनांक 06 अप्रैल 2026, सोमवार को विद्यालय की पूर्व छात्रा बहन ईनाक्षी गुप्ता (PCS) का गरिमामय स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन एवं वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हीरा सिंह जी के नेतृत्व में अतिथि बहन ईनाक्षी गुप्ता का स्वागत किया गया। माननीय प्रबंधक श्री रवि भूषण साहनी जी द्वारा उन्हें अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बहन ईनाक्षी के पिता श्री अवधेश गुप्ता (जिला संघचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) का स्वागत उप-प्रधानाचार्य श्री ज्ञानेंद्र जी द्वारा अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर किया गया।
प्रधानाचार्या श्रीमती हीरा सिंह जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि ईनाक्षी गुप्ता की सफलता विद्यालय के लिए एक स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रदान किए गए संस्कार, अनुशासन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों को उच्च शिखर तक पहुँचाने का आधार बनते हैं। बहन ईनाक्षी गुप्ता ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (PCS) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर “जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी” के पद पर चयनित होकर विद्यालय एवं जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि विद्यालय द्वारा दिए गए संस्कार, मार्गदर्शन एवं शैक्षिक वातावरण की भी विजय है।
अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में उन्होंने स्वामी विवेकानंद के ध्येय वाक्य “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष एवं गर्व व्यक्त किया। अंत में प्रथम सहायक आचार्य श्री ज्ञानेंद्र कुमार बाजपेई ने उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ।
© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.