बाराबंकी : मेधा सूची में 9वाँ स्थान प्राप्त करने वाली इंटरमीडिएट की छात्रा बहन दीपांशी सम्मानित
बाराबंकी। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लखपेड़ाबाग, बाराबंकी की इंटरमीडिएट की छात्रा बहन दीपांशी ने जनपद की मेधा सूची में 9वाँ स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें ₹21,000 की प्रोत्साहन राशि, पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान जिलाधिकारी महोदय द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के राज्य मंत्री सतीश शर्मा, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अंगद सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य अधिकारी एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने बहन दीपांशी की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य राम सागर तिवारी, आचार्यगण एवं प्रबंध समिति ने इस उपलब्धि को अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर सफलता के उच्चतम शिखरों को प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने बहन दीपांशी को बधाई देते हुए उनके निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने तथा भविष्य में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।