अंबेडकरनगर। विवेकानंद शिशु कुंज इंटर कॉलेज में परम पूज्य आदरणीय गुरुजी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रमुख माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर की जयंती श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम प्रधानाचार्य श्री राम तीरथ यादव के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती आरती सिंह (सभासद, विवेकानंद वार्ड) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री आर. एस. यादव (एनटीपीसी) उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गुरुजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। प्रधानाचार्य श्री राम तीरथ यादव ने अपने प्रेरक उद्बोधन में गुरुजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। साथ ही संघ की विचारधारा एवं संगठनात्मक कार्यों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर हाल ही में संपन्न वार्षिक उत्सव में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, नाटक एवं नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भैया-बहनों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और गर्व स्पष्ट झलक रहा था। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि वे गुरुजी के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र सेवा के पथ पर अग्रसर रहेंगे। कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य श्री दयाशंकर मिश्रा, श्री सत्य प्रकाश, श्री महेंद्र, श्री वीरेन्द्र, श्री कन्हैयालाल, श्री राम नारायण तथा आचार्या बहन श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.