info@bssawadhprant.org
+91 7459849 526

भारतीय शिक्षा समिति , उत्तर प्रदेश

सरस्वती कुञ्ज , निरालानगर, लखनऊ

लखीमपुर: पंडित दीनदयाल उपाध्याय स.वि.मं.इं.कॉ.में मातृ-पितृ पूजन एवं महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से सम्पन्न

लखीमपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज (सीबीएसई) के प्रांगण में मातृ-पितृ पूजन एवं महाशिवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के समक्ष पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।कार्यक्रम का सफल संचालन उप-प्रधानाचार्य संजय द्विवेदी जी की सुव्यवस्थित कार्ययोजना के अंतर्गत संपन्न हुआ। मंच संचालन का दायित्व आशीष बाजपेई जी ने कुशलतापूर्वक निभाया, जबकि अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद सिंह चौहान जी द्वारा कराया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती मंजू जायसवाल जी, विशिष्ट अतिथि सूरज जायसवाल जी, विद्यालय के कोषाध्यक्ष विमल अग्रवाल जी तथा प्रबंधक रवि भूषण साहनी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अतिथि परिचय के उपरांत बहनों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें सुंदर गीत एवं नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। भैयाओं द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायी गीत ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।  कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन स्पष्ट रूप से झलक रहा था। विद्यालय के आचार्य कुलदीप शुक्ल जी ने अपने संबोधन में महाशिवरात्रि एवं मातृ-पितृ पूजन की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संस्कारों के प्रति जागरूक एवं समर्पित रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में लगभग 150 भैया-बहनों के माता-पिता ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने श्रद्धा एवं कृतज्ञता भाव से अपने माता-पिता का पूजन-अर्चन किया। भगवान शिव की आरती एवं मातृ-पितृ आरती के साथ संपूर्ण परिसर भक्ति-रस में सराबोर हो उठा। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। अंत में विद्यालय के प्रबंधक रवि भूषण साहनी जी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सभी के सहयोग से कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय समापन हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के मन में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.