लखनऊ I सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, निराला नगर, में छात्र-छात्राओं के शारीरिक विकास और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। विद्यालय क्रीड़ांगन (प्लेग्राउंड) में नवनिर्मित आधुनिक जिम का विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री माननीय यतींद्र जी ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उपस्थित भैया-बहनों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माननीय यतींद्र जी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का शारीरिक रूप से स्वस्थ और मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। यह आधुनिक जिम भैया-बहनों में खेल भावना, अनुशासन और उत्तम स्वास्थ्य को विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा।
इस गरिमामयी उद्घाटन कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्या भारती के माननीय प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह जी उपस्थित रहे। उन्होंने भी विद्यालय की इस अनूठी पहल की सराहना की और इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक सराहनीय कदम बताया। समारोह के दौरान अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के निदेशक रामतीर्थ जी एवं प्रधानाचार्य दुर्गेश चंद्र पांडेय जी द्वारा किया गया।
© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.