info@bssawadhprant.org

भारतीय शिक्षा समिति , उत्तर प्रदेश

सरस्वती कुञ्ज , निरालानगर, लखनऊ

शुक्लागंज में प्रांतीय शिशु वाटिका प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, संस्कारयुक्त शिक्षा पर होगा विशेष बल

उन्नाव। विद्या भारती के तत्वावधान में संचालित सरोज सरस्वती शिशु वाटिका, शुक्लागंज में 3 जून से 13 जून 2026 तक आयोजित होने वाले प्रांतीय शिशु वाटिका प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हुआ। दस दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में अवध प्रांत के 13 जनपदों से चयनित प्रशिक्षणार्थी बहनें सहभागिता कर रही हैं।  सह क्षेत्रीय शिशु वाटिका संयोजिका एवं सरस्वती शिशु मंदिर, लखीमपुर खीरी की प्रधानाचार्या श्रीमती हीरा सिंह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव शिशु अवस्था में पड़ने वाले संस्कारों पर आधारित होती है। यह प्रशिक्षण वर्ग शिक्षिकाओं को नई दृष्टि, कार्यकुशलता और आत्मविश्वास प्रदान करेगा, जिससे वे बालकों के सर्वांगीण विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।  

वर्ग का उद्देश्य शिशु शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत शिक्षिकाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार, राष्ट्रीय चेतना तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से समृद्ध करना है। प्रशिक्षण वर्ग में शिशु शिक्षा, बाल मनोविज्ञान, भारतीय जीवन मूल्य, कर्तव्यबोध, राष्ट्रभक्ति, शिक्षण में नवाचार एवं भारतीय शिक्षा परंपरा जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

शिशु वाटिका सह प्रांत प्रमुख श्रीमती आशा शुक्ला ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग केवल शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने का भी अवसर है। उन्होंने बताया कि विद्या भारती का लक्ष्य बाल्यावस्था से ही विद्यार्थियों में भारतीय जीवन मूल्यों का विकास करना है और यह प्रशिक्षण वर्ग उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

प्रशिक्षण वर्ग में लखीमपुर खीरी, लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, अंबेडकरनगर, रायबरेली, श्रावस्ती, उन्नाव, अयोध्या, बहराइच, बाराबंकी, गोंडा एवं बलरामपुर जनपदों से चयनित प्रशिक्षणार्थी बहनें भाग ले रही हैं। प्रतिदिन प्रातः हवन-पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा तथा विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विद्या भारती के अखिल भारतीय, क्षेत्रीय एवं प्रांतीय स्तर के विभिन्न अधिकारी, संगठन मंत्री, निरीक्षक एवं वरिष्ठ शिक्षाविद समय-समय पर उपस्थित होकर मार्गदर्शन देंगे। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण वर्ग संस्कारयुक्त, राष्ट्रनिष्ठ एवं मूल्यपरक शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देगा। 

© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.