info@bssawadhprant.org
+91 7459849 526

भारतीय शिक्षा समिति , उत्तर प्रदेश

सरस्वती कुञ्ज , निरालानगर, लखनऊ

लखीमपुर-खीरी: पूर्व छात्र की अनूठी उपलब्धि ‘एब्लर बैंड’ बनाकर बढ़ाया विद्यालय और जनपद का गौरव

लखीमपुर-खीरी। पं. दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कालेज (यू०पी० बोर्ड) के पूर्व छात्र और कुशल इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर मयंक पाण्डेय ने एक अभिनव इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ‘एब्लर बैंड’ (Abler Band) का निर्माण कर विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में विद्यालय एवं जनपद का मान गौरवान्वित किया है। अपनी इस विशेष उपलब्धि के पश्चात विद्यालय प्रांगण आगमन पर मयंक का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. जयराम जी एवं प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह ने स्वयं इस डिवाइस का प्रयोग करके देखा और तकनीक की सराहना करते हुए मयंक को अपना शुभाशीष प्रदान किया।

​युवा इंजीनियर मयंक पाण्डेय ने निजी बातचीत को पूर्णतः सुरक्षित एवं गोपनीय बनाने के उद्देश्य से यह अनोखी तकनीक विकसित की है, जो हड्डियों के माध्यम से ध्वनि तरंगों के संचरण (Bone Conduction Technology) के सिद्धांत पर कार्य करती है। मयंक ने बताया कि सामान्यतः ईयरफोन या स्मार्टवॉच में स्पीकर के माध्यम से आवाज सुनाई देती है जिससे गोपनीयता प्रभावित हो सकती है, लेकिन ‘एब्लर बैंड’ में विशेष इलेक्ट्रॉनिक पुर्जे कॉल की ध्वनि को कंपन में बदल देते हैं। यह कंपन कलाई की हड्डियों के माध्यम से उंगलियों तक पहुंचता है और जब उपयोगकर्ता अपनी उंगली को कान से स्पर्श करता है, तो उसे कॉल करने वाले की आवाज स्पष्ट सुनाई देती है। ब्लूटूथ आधारित इस बैंड को किसी भी स्मार्टफोन से जोड़ा जा सकता है, जिसमें कॉल रिसीव, कॉल कट एवं संगीत नियंत्रित करने जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

​विद्यालय आगमन पर मयंक पाण्डेय ने वर्तमान भैयाओं (छात्रों) को भी संबोधित किया। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए छात्रों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और नवाचार की दिशा में सोचने के लिए प्रेरित किया। मयंक की प्रतिभा की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए प्रबंधक डॉ. जयराम जी ने कहा कि मयंक जैसे होनहार छात्र ही विद्यालय की वास्तविक पहचान होते हैं, जो अपने नवाचार से समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। प्रधानाचार्य डॉ. योगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मयंक ने इसी विद्यालय से कम्प्यूटर विषय के साथ कक्षा 12 की पढ़ाई पूरी की थी और वर्तमान में वह गुरुग्राम की एक कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। इस अवसर पर विद्यालय के उपाध्यक्ष श्री रवि भूषण साहनी ने मयंक को सम्मानित किया और समस्त विद्यालय परिवार ने अपने पूर्व छात्र की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया एवं भैया को शुभकामनाएं दी।

© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.