रायबरेली के छात्र अनुज पाल का जलवा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक
रायबरेली। गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र भैया अनुज पाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर विद्यालय, जनपद रायबरेली और पूरे देश का नाम गौरवान्वित किया है। अनुज पाल ने मॉस्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हैंड-टू-हैंड फाइटिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर भारत का परचम लहराया। अनुज पाल ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के दम पर यह बड़ी सफलता प्राप्त की। पढ़ाई के साथ-साथ खेल क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र में खुशी की लहर है।
विद्यालय के प्रबंधक श्री विमल तलरेजा एवं प्रधानाचार्य श्री अरविंद सिंह चौहान ने अनुज पाल को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अनुज ने यह सिद्ध कर दिया है कि निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
विद्यालय परिवार ने अनुज पाल, उनके कोच तथा उनके माता-पिता को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।