info@bssawadhprant.org

भारतीय शिक्षा समिति , उत्तर प्रदेश

सरस्वती कुञ्ज , निरालानगर, लखनऊ

अम्बेडकरनगर: ओजोन दिवस पर विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अम्बेडकरनगर I विवेकानन्द शिशु कुञ्ज सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल, एनटीपीसी टाण्डा,  में आज दिनांक 16 सितम्बर 2026 को ओजोन दिवस बड़े ही उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ आचार्य श्री सत्य प्रकाश मिश्रा जी के नेतृत्व में विद्यालय की बहनों द्वारा भैया-बहनों को ओजोन परत के महत्व एवं उसके संरक्षण के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। बहनों ने बताया कि सूर्य से आने वाली पराबैंगनी (UV) किरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करने में ओजोन परत की महत्वपूर्ण भूमिका है। ओजोन (O₃) समताप मंडल (Stratosphere) में पाई जाने वाली गैस की एक महत्वपूर्ण परत है, जो सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों को काफी हद तक अवशोषित कर पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करती है। यदि ओजोन परत कमजोर हो जाए, तो मानव स्वास्थ्य, पौधों, फसलों तथा जलीय जीवों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि क्लोरोफ्लोरोकार्बन (CFCs) जैसी ओजोन-क्षयकारी गैसों के उत्सर्जन से ओजोन परत को नुकसान पहुँचा है। साथ ही, ओजोन परत के संरक्षण के लिए 1987 के मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल तथा उसके बाद किए गए अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। प्रधानाचार्य जी ने ओजोन दिवस के अवसर पर सभी भैया-बहनों को पर्यावरण के प्रति सजग एवं जागरूक रहने तथा ओजोन परत एवं प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा उन्हें पृथ्वी की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार नागरिक बनने हेतु प्रेरित करना रहा।

© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.