रायबरेली। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में क्षेत्रीय संयोजिका श्रीमती निधि द्विवेदी का प्रवास हुआ। विद्यालय के वंदना सत्र में उनका शुभागमन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर श्रीमती निधि द्विवेदी ने छात्राओं को पंचतत्व के महत्व से परिचित कराते हुए जीवन एवं प्रकृति के संतुलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया। उन्होंने बताया कि पंचतत्व प्रकृति एवं मानव जीवन का आधार हैं तथा इनके संतुलन से ही जीवन सुचारु रूप से संचालित होता है।
इसके उपरांत उन्होंने कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों से संवाद किया तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए उनका मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपने निर्धारित लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने एवं विद्यालय का गौरव बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू मिश्रा सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.