लखीमपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज यूपी बोर्ड लखीमपुर में 37वीं क्षेत्रीय टेबल टेनिस, नेटबॉल एवं शतरंज प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात् वंदना मंच के भैया-बहनों द्वारा वंदना प्रस्तुत की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ० योगेन्द्र प्रताप सिंह जी ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया तथा उनका हार्दिक स्वागत किया। समारोह के मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (अवध प्रांत) के सह प्रांत प्रचारक श्री संजय जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि, अपर जिलाधिकारी (ADM) लखीमपुर श्री नरेंद्र बहादुर जी ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय शिक्षा समिति, उत्तर प्रदेश अवध प्रांत के प्रदेश निरीक्षक श्री रामजी सिंह जी ने अपना अध्यक्षीय आशीर्वचन प्रदान किया और सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में सफलता हेतु शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम की प्रस्ताविकी क्षेत्रीय शारीरिक प्रमुख श्री जगदीश कुमार सिंह जी द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसमें उन्होंने प्रतियोगिता के उद्देश्यों एवं खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उद्घाटन के अवसर पर श्री रामप्रकाश अवस्थी जी द्वारा वैदिक उद्घाटन मन्त्र पाठ एवं शंख ध्वनि तथा घंटा बजाकर किया गया। इसके पश्चात् भैया दीपबाबू मिश्र ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को निष्पक्ष खेल भावना की शपथ ग्रहण कराई। सनातन धर्म सरस्वती विद्या मन्दिर बालिका इण्टर कॉलेज की छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। भैया पीयूष अवस्थी ने मधुर स्वर में एकल गीत प्रस्तुत किया। इस गरिमामय अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (लखीमपुर) के जिला प्रचारक आदरणीय आजाद जी, अवध प्रांत के प्राथमिक प्रशिक्षण प्रमुख श्री मुनेंद्र दत्त शुक्ल जी, विद्यालय प्रबंध समिति के माननीय अध्यक्ष श्री अजय कुमार भल्ला जी, प्रबन्धक डॉ० जयराम जी, कोषाध्यक्ष श्री अभिजात मिश्र जी, समाजसेवी एवं प्रबंध समिति सदस्य श्री नीरज सिंह जी, सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती शिप्रा वाजपेई जी, प्रांत के शारीरिक प्रमुख श्री रमेश कुमार सिंह जी तथा विद्यालय परिवार के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे। समारोह के अंत में विद्यालय के उपाध्यक्ष श्री रवि भूषण साहनी जी द्वारा सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागी टीमों का हृदय से आभार ज्ञापन किया गया। तत्पश्चात् 'वन्दे मातरम्' के सामूहिक गायन के साथ उद्घाटन कार्यक्रम का समापन हुआ और खेल स्पर्धाएँ विधिवत प्रारंभ हुईं।
© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.