लखनऊ : भारतीय शिक्षा समिति उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित प्रतिभा अलंकरण समारोह में जिला व प्रदेश सूची में टाॅप टेन के विद्यार्थियों तथा विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक व खेल-कूद की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त किये हुए भैया-बहनों को सम्मानित किया गया। सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-क्यू, अलीगंज में आयोजित समारोह का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र, विशिष्ठ अतिथि क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचन्द्र, कार्यक्रम के अध्यक्ष डाॅ0 विक्रम सिंह (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डाॅ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान) ने दीप प्रज्जवलित कर किया।छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना “हे हंस वाहिनी…” पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। बाल वर्ग की छात्राओं ने “वंदे मातरम्…” पर समूह नृत्य की प्रस्तुति से देशभक्ति की अलख जगाई। वहीं किशोर वर्ग की छात्राओं ने “आया सावन बड़ा मनभावन…” पर लोकनृत्य की सामूहिक प्रस्तुति से सावन की छटा बिखेरी।प्रदेश निरीक्षक, अवध प्रांत रामजी सिंह ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में छिपी मेधा और प्रतिभा को पहचानने, उसे प्रदर्शित करने तथा प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अभी अपने जीवन की प्रारंभिक अवस्था में हैं और विभिन्न क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें जीवन की सकारात्मक दिशा से जोड़कर उच्च मनोबल के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। प्रतिभा अलंकरण समारोह इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.