info@bssawadhprant.org

भारतीय शिक्षा समिति , उत्तर प्रदेश

सरस्वती कुञ्ज , निरालानगर, लखनऊ

पलिया कलां - खीरी में संस्कृति बोध परियोजना समाज संपर्क अभियान का शुभारंभ

लखीमपुर । सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, पलिया कलां - खीरी में माँ सरस्वती की वन्दना के पश्चात संस्कृति बोध परियोजना समाज संपर्क अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक श्री विभोर जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक श्री शिवपाल सिंह जी ने की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुनील सिंह जी, वरिष्ठ आचार्य श्री सुनीत कुमार मिश्रा जी, संस्कृति बोध परियोजना प्रमुख आचार्य रजनेश जी, आचार्य रवीन्द्र कुमार, आचार्य सुनील शुक्ल, श्री वीरेन्द्र जी, सौरभ शुक्ल, प्रणव सिंह सहित समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा। नगर प्रचारक विभोर जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्कृति बोध परियोजना का मुख्य उद्देश्य - "संस्कृति से जुड़ें, समाज से जुड़ें, राष्ट्र से जुड़ें" है। भारतीय संस्कृति के मूल्यों, संस्कृत-साहित्य, वेद-उपनिषद, गीता-रामायण के ज्ञान को घर-घर तक पहुंचाना इस अभियान का लक्ष्य है। विद्यालय के प्रबंधक शिवपाल सिंह जी ने कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित यह अभियान "सा विद्या या विमुक्तये" के ध्येय को साकार करेगा। संस्कृति से जागरूक समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य सुनील सिंह जी ने कहा कि "संस्कृति बोध परियोजना केवल एक पुस्तक वितरण अभियान नहीं है, बल्कि यह अपनी जड़ों से जुड़ने का अभियान है। आज का युवा पाश्चात्य संस्कृति की ओर आकर्षित हो रहा है, ऐसे में उसे अपने गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के जीवन चरित्र, वेद, उपनिषद, गीता-रामायण के आदर्शों से परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है। इस अभियान से जुड़ने का महत्व इसलिए भी है क्योंकि जब प्रत्येक परिवार में संस्कृत-साहित्य और संस्कारों की चर्चा होगी, तब ही एक संस्कारित समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा।"

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों द्वारा संस्कृति बोध परियोजना से संबंधित साहित्य का विमोचन किया गया और टोली बनाकर समाज संपर्क अभियान हेतु कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया गया।

© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.