info@bssawadhprant.org

भारतीय शिक्षा समिति , उत्तर प्रदेश

सरस्वती कुञ्ज , निरालानगर, लखनऊ

अम्बेडकरनगर : नमामि भारतम् ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष पर विवेकानन्द शिशु कुञ्ज में गूँजा राष्ट्रस्वर

अम्बेडकरनगर I विवेकानन्द शिशु कुञ्ज सीनियर सेकेण्डरी स्कूल, एनटीपीसी टाण्डा,  में दिनांक 25 सितंबर 2026 को ‘नमामि भारतम्’ के अंतर्गत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रगीत गायन का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और भारतीय संस्कृति की भावना से ओत-प्रोत दिखाई दिया। सामूहिक रूप से गूँजे ‘वंदे मातरम्’ के स्वर ने सम्पूर्ण वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर विद्यालय के सभी भैया-बहनों, आचार्य-आचार्या बहनों, अभिभावकों तथा आसपास के सम्मानित गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्या भारती पर्यवेक्षक श्रीमान उत्तम कुमार मिश्रा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती हर्षिता जी, मानव संसाधन विभाग, एनटीपीसी ने की तथा मुख्य अतिथि श्रीमती नीरा तिवारी जी, प्रधानाचार्य, बेसिक प्राइमरी स्कूल, एनटीपीसी रहीं। अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

देशभर में 25 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे एक साथ आयोजित इस राष्ट्रगीत गायन कार्यक्रम में 25,000 से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक लोगों द्वारा ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। यह विराट आयोजन राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सामूहिक राष्ट्रभावना का अनुपम उदाहरण बना। इस ऐतिहासिक सामूहिक गायन को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में सर्वाधिक विद्यार्थियों एवं जनसमुदाय द्वारा एक साथ, एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ गायन के रिकॉर्ड के प्रमाणीकरण हेतु सूचीबद्ध किया गया है। विद्यालय के यशस्वी प्रधानाचार्य श्रीमान नीरज कुमार शुक्ला जी ने पधारे हुए अतिथियों का अंगवस्त्र प्रदान कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत की मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की अमर अभिव्यक्ति है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति गौरव, अनुशासन और कर्तव्यबोध की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन विद्यालय की आचार्या बहन श्रीमती शिप्रा वर्मा जी ने किया। समस्त भैया-बहनों, आचार्य-आचार्या बहनों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया।इस अवसर पर विद्यालय परिसर में ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से राष्ट्रस्वर गूँज उठा और भारत माता के प्रति श्रद्धा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम ने सभी उपस्थित जनों के मन में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को और प्रगाढ़ किया।

© Bhartiya Shiksha Samiti, U.P, Awadh Prant. All Rights Reserved.