लखीमपुर: पूर्व छात्र स्वरित तिवारी की उपलब्धि हम सभी भैया-बहनों के लिए प्रेरणा, उत्साह और गौरव का स्रोत है
लखीमपुर। पं. दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि विद्यालय के प्रतिभाशाली पूर्व छात्र स्वरित तिवारी ने दिनांक 28 जून 2026 को गोवा के पेड्डेम इंडोर स्टेडियम में आयोजित 9वीं एशिया कप ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के 58 किलोग्राम सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक अर्जित कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि संपूर्ण लखीमपुर खीरी एवं राष्ट्र का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 26 देशों के खिलाड़ियों ने सहभागिता की, जिनके मध्य स्वरित ने अपने उत्कृष्ट कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं अदम्य जिजीविषा का परिचय देते हुए स्वर्णिम सफलता प्राप्त की।
यह उपलब्धि विद्यालय के उत्कृष्ट संस्कार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा खेलों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। स्वरित की यह सफलता विद्यालय के समस्त भैया-बहनों के लिए प्रेरणास्रोत है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय की प्रबंध समिति, प्रधानाचार्य जी, आचार्य परिवार एवं समस्त विद्यालय परिवार की ओर से स्वरित तिवारी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल, स्वर्णिम एवं यशस्वी भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएँ प्रेषित की जाती हैं।